उत्तर प्रदेश के चरखारी विधानसभा से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत अपने बयानों को लेकर सुर्खियों पर हैं. इन दिनों वह आक्रामक मूड में नजर आ रहे हैं. पिछले दिनों उनकी मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह से भी नोकझोक हुई थी. अब उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे कहते दिखाई दे रहे हैं कि अभी तो मंत्री को रोका था, अब मुख्यमंत्री को रोकेंगे. इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों को भी नसीहत देते हुए कहा कि जो अधिकारी काम नहीं करता था, उसे हम चूड़ियां और पेटीकोट पहना देते थे. इससे पहले भी बृजभूषण राजपूत कई वार विवादास्पद बयानबाजी कर चुके हैं.
हाल ही में बृजभूषण राजपूत की यूपी सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के साथ नोकझोक हुई थी. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. हालांकि, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के काफिले को रोकने के मामले में उन्होंने सफाई भी दी थी. जिसमें कहा, “मैं कोई ठेका-पट्टा या पदोन्नति नहीं मांग रहा था. हर घर नल योजना से गांव के रास्ते खराब हुए हैं. जनता का मुद्दा है. मैं इसे कमरे में नहीं, सड़क पर ही उठाऊंगा.” विधायक बृजभूषण राजपूत इन दिनों बेबाक बयानबाजी करते नजर आ रहे हैं.