वाराणसी में CM मोहन यादव का सादा अंदाज: काफिला रोककर कचौड़ी-जलेबी खाई, लोगों से की बातचीत

You are currently viewing वाराणसी में CM मोहन यादव का सादा अंदाज: काफिला रोककर कचौड़ी-जलेबी खाई, लोगों से की बातचीत

वाराणसी दौरे पर पहुंचे मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का एक अलग ही रूप शनिवार सुबह देखने को मिला, जब उन्होंने औपचारिक कार्यक्रमों से हटकर सीधे आम लोगों के बीच जाकर बनारस के पारंपरिक स्वाद का आनंद लिया। एयरपोर्ट के लिए रवाना होते समय उनका काफिला अचानक मिंट हाउस क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध ‘श्रीराम भंडार’ पर रुका, जहां मुख्यमंत्री बिना किसी औपचारिकता के दुकान में पहुंचे और स्थानीय व्यंजनों का स्वाद चखा।

उन्होंने बनारसी कचौड़ी, पूरी-राम भाजी, गरमा-गरम जलेबी और लस्सी का लुत्फ उठाया। मुख्यमंत्री को अपने बीच इतने सहज अंदाज में देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। कुछ देर के लिए माहौल बिल्कुल सामान्य हो गया, जहां लोग उनसे खुलकर मिले, बातचीत की और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस दौरान कहा कि भारत की असली पहचान उसके विविध स्वाद और स्थानीय खान-पान में बसती है। हर शहर और हर प्रदेश की अपनी अलग खाद्य परंपरा होती है, जो वहां की संस्कृति और जीवनशैली को दर्शाती है। उन्होंने बनारस के स्वाद की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे पारंपरिक व्यंजन हमारी विरासत को जीवंत बनाए रखते हैं।

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे ज्यादा चर्चा उनके सरल और सहज व्यवहार की रही। बिना किसी दिखावे के आम लोगों के बीच बैठकर नाश्ता करना और उनसे आत्मीयता से बातचीत करना, लोगों को खासा प्रभावित कर गया। स्थानीय लोगों ने कहा कि उनसे मिलकर ऐसा बिल्कुल नहीं लगा कि वे किसी राज्य के मुख्यमंत्री से बात कर रहे हैं, बल्कि एक अपने जैसे इंसान से मुलाकात हो रही है।

मुख्यमंत्री का यह अंदाज न सिर्फ वहां मौजूद लोगों के लिए यादगार बन गया, बल्कि यह भी दिखा गया कि सार्वजनिक जीवन में सादगी और सहजता किस तरह लोगों के दिलों तक सीधा रास्ता बना लेती है।